उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान में साइकलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता 18 से 26 नवंबर 2026 तक संचालित की जा रही है। इसमें देश-विदेश के साइकिलिंग प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को सुबखोली से होते हुए मसूरी बाईपास तिराहे स्थित लक्ष्मणपुरी में होगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और यातायात व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर आयोजन को सफल बनाएं।
चिकित्सा विभाग को सुबखोली और फिनिशिंग प्वाइंट पर चिकित्सकीय टीमों की तैनाती के साथ एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं, पुलिस विभाग को रैली मार्ग पर यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। आयोजन स्थल और प्रतिभागियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर के साहसिक खेल आयोजन उत्तराखंड की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे प्रदेश में माउंटेन बाइकिंग और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरंग और पुलिस के टीआई नरेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

