After Header-1

पंतनगर विश्वविद्यालय पहुंचे राज्यपाल, कृषि अनुसंधान की नई तकनीकों को देख हुए प्रभावित

 देहरादून/पंतनगर, ऊधमसिंह नगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के 67वें स्थापना दिवस समारोह में मंगलवार को राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया और कृषि क्षेत्र में किए जा रहे शोध एवं नवाचारों की जानकारी ली। राज्यपाल ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कृषि वैज्ञानिकों से विभिन्न परियोजनाओं, अनुसंधान गतिविधियों और उनके व्यावहारिक उपयोग के बारे में विस्तार से चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम मॉडल, क्रॉप रिसर्च सेंटर, मक्का संकर बीज उत्पादन इकाई, मत्स्य बीज हैचरी, डेयरी एवं कुक्कुट फार्म तथा पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय का जायजा लिया। उन्होंने इन केंद्रों पर संचालित गतिविधियों और किसानों के लिए उपयोगी शोध कार्यों के संबंध में वैज्ञानिकों से जानकारी प्राप्त की।

राज्यपाल ने डेयरी, वर्मी कंपोस्ट, आंवला, सिंघाड़ा और मशरूम उत्पादन इकाइयों के साथ एजोला पॉन्ड का भी अवलोकन किया। इसके अलावा मक्का बीज की पॉपकॉर्न और स्वीट कॉर्न किस्मों को देखा तथा इनके उत्पादन और उपयोग से जुड़ी जानकारियां हासिल कीं।

पशुपालन एवं कृषि विविधीकरण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों में भी राज्यपाल ने विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने बद्री गाय, साहीवाल गाय और मुर्रा भैंस के साथ कुक्कुट पालन तथा बकरी पालन पर किए जा रहे शोध कार्यों की जानकारी ली। वैज्ञानिकों ने विभिन्न इकाइयों में चल रहे अनुसंधान और उनकी उपयोगिता से उन्हें अवगत कराया।

विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यपाल का यह दौरा कृषि शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों की गतिविधियों को करीब से जानने का अवसर बना। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों से विभिन्न शोध परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी लेकर विश्वविद्यालय की अनुसंधान गतिविधियों का जायजा लिया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.