After Header-1

कांग्रेस के हस्ताक्षर अभियान पर भाजपा का हमला, महेंद्र भट्ट बोले- हस्ताक्षरों से नहीं मिटेगी नाकामी

देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी सैलजा के उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक नाकामी और संगठनात्मक कमजोरी का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने के बजाय आत्ममंथन करे। हस्ताक्षर अभियान चलाने से पार्टी की पुरानी नाकामियों और जनता के बीच खोया विश्वास वापस नहीं मिलने वाला है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस आज जिस राजनीतिक दुर्दशा और संगठनात्मक बिखराव से गुजर रही है, उसके लिए पार्टी नेतृत्व को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने छत्तीसगढ़ में सत्ता गंवाने और हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिली हार का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन नेताओं के नेतृत्व में पार्टी को इन राज्यों में चुनावी पराजय का सामना करना पड़ा, वे अब उत्तराखंड में कांग्रेस को नई दिशा देने के दावे कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सैलजा को प्रदेश की जनता और कार्यकर्ताओं को उपदेश देने से पहले अपने राजनीतिक प्रदर्शन का हिसाब देना चाहिए।

भट्ट ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड कांग्रेस में नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई, आपसी खींचतान और गुटबाजी लगातार बढ़ रही है। पार्टी में संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर काम करने के बजाय नेताओं का ध्यान अपनी-अपनी राजनीतिक जमीन बचाने पर केंद्रित है।

उन्होंने कहा कि कभी प्रदेश नेतृत्व को लेकर विवाद सामने आता है तो कभी अलग-अलग नेताओं के शक्ति प्रदर्शन से पार्टी की अंदरूनी कलह सार्वजनिक हो जाती है। ऐसे माहौल में कांग्रेस संगठन की मजबूती का दावा कैसे कर सकती है?

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सैलजा का उत्तराखंड दौरा संगठन को मजबूत करने की कोशिश से अधिक बिखरे हुए कुनबे को एकजुट दिखाने की कवायद नजर आता है। उन्होंने कांग्रेस के हस्ताक्षर अभियान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीतिक अभियानों से पार्टी अपनी संगठनात्मक कमजोरियों और चुनावी नाकामियों को छिपा नहीं सकती।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.