पंतनगर विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर राज्यपाल की युवाओं को नसीहत, नौकरी मांगने वाले नहीं देने वाले बनें
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने देश की कृषि और खाद्यान्न सुरक्षा में ऐतिहासिक योगदान दिया है। इसी धरती पर कृषि अनुसंधान और किसानों के परिश्रम के बेहतर समन्वय से हरित क्रांति की मजबूत आधारशिला तैयार हुई थी।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और अनुसंधान संबंधी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग-2026 में भारतीय कृषि विश्वविद्यालयों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करना संस्थान की उत्कृष्टता का प्रमाण है।
पर्वतीय कृषि को लाभकारी बनाने पर जोर
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पर्वतीय कृषि के लिए विशेष अनुसंधान की आवश्यकता है। जलवायु के अनुकूल बीज, कम लागत वाली कृषि तकनीक, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती और स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन पर काम किया जाना चाहिए। इससे पहाड़ के किसानों को बेहतर आमदनी के अवसर मिलेंगे और खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकेगा।
युवाओं को रोजगार देने वाला बनने की सलाह
विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उन्हें केवल नौकरी पाने की मानसिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार के माध्यम से दूसरों के लिए रोजगार के अवसर भी तैयार करने चाहिए।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर आधारित युवा कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों से यह कार्यक्रम युवाओं में चरित्र निर्माण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का काम कर रहा है।

