After Header-1

उत्तराखंड में 28 नवंबर को सबसे बड़ी मॉक ड्रिल, 300 स्थानों पर एक साथ चलेगा राहत-बचाव अभियान

देहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए 28 नवंबर को राज्य के सभी 13 जनपदों में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ पर आपदा प्रबंधन दिवस के तहत होने वाले इस अभ्यास में करीब 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा। राज्य में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।

इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस हुई। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता को यादगार बनाने के लिए प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाने की घोषणा की है। इसी क्रम में 25 से 28 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को सभी जनपदों में टेबल टॉप एक्सरसाइज होगी, जिसमें विभाग अपनी जिम्मेदारियों, संसाधनों, संचार व्यवस्था और राहत-बचाव कार्यों की तैयारी परखेंगे। इसके बाद 28 नवंबर को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप मॉक ड्रिल होगी।

राहत शिविरों और स्कूलों पर विशेष ध्यान

मॉक ड्रिल में राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया जाएगा। इनमें बिजली, पानी, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार और गर्भवती महिलाओं के लिए सुविधाओं की जांच होगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस व होमगार्ड तैनात रहेंगे।

अभ्यास में पूर्व सैनिकों, आपदा मित्रों, एनसीसी, एनएसएस, रेडक्रॉस और स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग आधुनिक आपदा प्रबंधन उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाएंगे।

सरकारी कार्यालयों में तीन से पांच सदस्यों की समितियां गठित कर आग, भूकंप, बाढ़ और अन्य संभावित खतरों का आकलन किया जाएगा। वहीं, 25 से 27 नवंबर के बीच 100 से अधिक विद्यार्थियों वाले विद्यालयों में मॉक ड्रिल तथा विकासखंड स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.