After Header-1

जय बदरीविशाल के जयकारों के बीच बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट, 10 हजार श्रद्धालु बने साक्षी

बदरीनाथ धाम। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के पावन अवसर पर पूरा धाम भगवान बदरीविशाल के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था। सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया संपन्न हुई। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचे।

कपाट बंद होने से पहले मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना की गई। बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने कपाट बंद करने की प्रक्रिया संपन्न कराई। धर्माधिकारी आचार्य स्वयंवर सेमवाल और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। इस अवसर पर दानदाताओं और श्रद्धालुओं के साथ सेना की ओर से भी भंडारे आयोजित किए गए।

रविवार को हुई बारिश और बर्फबारी के कारण बदरीनाथ धाम में कड़ाके की ठंड रही। आसपास की पहाड़ियां बर्फ से ढकी नजर आईं। हालांकि सोमवार को मौसम साफ रहने और धूप खिलने से श्रद्धालुओं को राहत मिली। कपाट बंद होने के दिन भी हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान नारायण के दर्शन किए। इस अवसर पर दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने की जानकारी दी गई।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट बंद होने के अवसर पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि इस यात्रा वर्ष में साढ़े 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर दर्शन किए, जो एक नया रिकॉर्ड है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुखवा से चारधाम शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी। इस वर्ष मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में शीतकालीन यात्रा को और प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु सर्दियों में भी उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकें।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने यात्रा से जुड़े सभी विभागों, संस्थाओं और तीर्थ पुरोहित समाज का सफल यात्रा आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.