After Header-1

छठ घाट पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, सूर्यदेव को अर्घ्य देकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के ग्राम 22 पुल स्थित खिलड़िया छठ घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने छठ घाट पर मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्हें छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान घाट पर उत्साह और भक्तिभाव का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति की समृद्ध लोक परंपराओं, अटूट आस्था और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है। भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का यह पावन पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि संयम, सेवा, समर्पण और सामूहिक सद्भाव का भी प्रतीक है। इस पर्व की विशेषता यह है कि इसमें समाज के सभी वर्ग एक साथ मिलकर श्रद्धा और उल्लास के साथ पूजा-अर्चना करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय लोकसंस्कृति में छठ महापर्व का विशेष महत्व है। इसकी परंपराएं नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करती हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.