After Header-1

जनजातीय विरासत को सहेजने के लिए धामी सरकार प्रतिबद्ध, संस्कृति और परंपराओं को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और विशिष्ट पहचान का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। जनजातीय समाज ने अपनी जीवनशैली, प्रकृति के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक मूल्यों के माध्यम से देश की विविधतापूर्ण संस्कृति को समृद्ध किया है। इस विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री सोमवार को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई), उत्तराखंड की ओर से आयोजित ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखण्ड-2026’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए प्रदेशवासियों, विशेषकर जनजातीय समाज के लोगों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आदिवासी संस्कृति एवं हस्तकला पर आधारित विशाल प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और जनजातीय कलाकारों की कलाकृतियों को देखा। उन्होंने जनजातीय समाज के पारंपरिक कौशल और कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ये उत्पाद हमारी सांस्कृतिक पहचान और समृद्ध परंपराओं के प्रतीक हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि गौरव महोत्सव जनजातीय समाज की खुशियों, परंपराओं, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत है और जनजातीय समुदाय ने अपनी विशिष्ट जीवनशैली तथा प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण संबंधों के माध्यम से इसे नई समृद्धि प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने और विभिन्न समुदायों की परंपराओं को समझने का अवसर भी देते हैं। इनके माध्यम से जनजातीय कला, संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान को व्यापक पहचान मिलती है।

मुख्यमंत्री ने भव्य आयोजन के लिए राज्य जनजातीय शोध संस्थान और जनजाति कल्याण विभाग की सराहना करते हुए सभी आयोजकों को बधाई दी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.