After Header-1

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, पटना से भागलपुर तक घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

पटना। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर पटना से लेकर भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गया और दरभंगा तक छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की।

महापर्व के चौथे दिन सोमवार तड़के से ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। व्रती महिलाएं और पुरुष पारंपरिक पूजा सामग्री से सजे सूप और दउरा लेकर घाटों पर पहुंचे। उगते सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने गृह जिले मुंगेर के तारापुर स्थित पैतृक गांव लखनपुर में परिवार के साथ छठ पूजा की। उन्होंने सोमवार सुबह लखनपुर उत्तर टोला स्थित छठ घाट पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और राज्य की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री रविवार देर रात सड़क मार्ग से पटना से लखनपुर पहुंचे थे। उनके गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने तारापुर विधानसभा क्षेत्र के रणगांव सहित विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया।

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पटना स्थित अपने आवास पर छठ पूजा की। उन्होंने भगवान भास्कर और छठी मैया को नमन करते हुए कहा कि चार दिनों तक चलने वाला यह कठिन व्रत कठोर अनुशासन, पवित्रता और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने देश और बिहारवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

नितिन नवीन ने कहा कि छठ महापर्व के माध्यम से बिहार की स्वच्छता, शुचिता, अनुशासन और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का संदेश देश-दुनिया तक पहुंच रहा है। इसी के साथ चार दिनों तक चले आस्था और साधना के इस महापर्व का उल्लासपूर्ण समापन हो गया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.