After Header-1

देहरादून में आदि गौरव महोत्सव का भव्य आगाज, नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों पर झूमे दर्शक

देहरादून। जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और समृद्ध विरासत को सहेजने तथा देशभर के जनजातीय समुदायों को साझा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से रविवार को परेड ग्राउंड में आदि गौरव महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई), उत्तराखंड की ओर से आयोजित इस महोत्सव में जनजातीय कला, शिल्प, लोक संगीत और सांस्कृतिक विविधता की आकर्षक झलक देखने को मिली।

महोत्सव का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री खजान दास ने किया। इस अवसर पर जनजातीय कल्याण निदेशक एसएस टोलिया, उप निदेशक राजीव कुमार सोलंकी और शासन के समाज कल्याण विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अददांकी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

महोत्सव की शुरुआत गांधी पार्क से परेड ग्राउंड तक निकाली गई भव्य शोभायात्रा से हुई। कैबिनेट मंत्री खजान दास के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में देश के विभिन्न जनजातीय समुदायों की पारंपरिक वेशभूषा, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक पहचान की शानदार झलक देखने को मिली। शोभायात्रा के माध्यम से जनजातीय विरासत के संरक्षण और समुदायों की एकजुटता का संदेश दिया गया।

आयोजकों के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहित करने के साथ पारंपरिक कला एवं शिल्प को संरक्षण देना और कलाकारों तथा शिल्पकारों के लिए आजीविका के स्थायी अवसर विकसित करना है।

शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने महोत्सव में चार चांद लगा दिए। गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी की शानदार प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। उन्होंने ‘मेरा डांडी कंठियों का मुलुक’, ‘घुघुती घुरों लैंगी’ और ‘बांद बिजोरा’ जैसे लोकप्रिय गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीतों पर दर्शक झूमते और गुनगुनाते नजर आए।

इसके बाद लोक गायक अनूप चांगटा ने ‘डांटू वालिये’ और ‘मेरी गुजरीये’ सहित कई गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल में नई ऊर्जा भर दी। वहीं, लोक गायिका हेमा नेगी करासी ने पारंपरिक मंगल गीतों, जागर और घुघुती गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।

आदि गौरव महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही देहरादून में जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक एकता का उत्सव शुरू हो गया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.