हरिद्वार। मानसून के बाद करीब पांच महीने से बंद राजाजी टाइगर रिजर्व के पर्यटन द्वार 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए फिर खुल जाएंगे। इसके साथ ही जंगल सफारी का रोमांच एक बार फिर शुरू होगा। नया पर्यटन सीजन अगले साल 15 जून तक चलेगा। इस दौरान पर्यटक जिप्सियों के जरिए जंगल की सैर कर हाथियों, बाघों, गुलदारों और अन्य वन्यजीवों को करीब से देखने का आनंद ले सकेंगे।
पर्यटन सीजन की शुरुआत से पहले वन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को हरिद्वार रेंज की वन क्षेत्राधिकारी आभा रतूड़ी ने वनकर्मियों के साथ रावली, छिड़क, हरनोल और रानीपुर सफारी गेट का निरीक्षण किया। उन्होंने सफारी मार्गों, वॉच टावर, वायरलेस व्यवस्था और प्रवेश द्वारों पर पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सभी सफारी मार्गों को दुरुस्त कर दिया गया है। गाइड और जिप्सी चालकों को भी जरूरी दिशा-निर्देश देकर ब्रीफिंग दी गई है। पर्यटकों की सुरक्षा और व्यवस्थित सफारी सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की गाइडलाइन और निर्धारित समय का पालन कराया जाएगा।
सफारी के दौरान मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध
इस पर्यटन सीजन में पर्यटकों को एक नए नियम का पालन करना होगा। न्यायालय के निर्देशों के बाद जंगल के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। पर्यटकों को प्रवेश द्वार पर ही अपने मोबाइल फोन जमा कराने होंगे। वन विभाग के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य वन्यजीवों को मानवीय हस्तक्षेप से बचाना और जंगल की प्राकृतिक शांति बनाए रखना है। नियम का उल्लंघन करने पर परमिट निरस्त किया जा सकता है।
चार रेंजों में कर सकेंगे जंगल की सैर
इस बार चीला, मोतीचूर, रानीपुर और मोहंड-चिल्लावाली रेंज में सफारी की सुविधा मिलेगी। सफारी के लिए सुबह और दोपहर की दो शिफ्ट निर्धारित की गई हैं। प्रत्येक रेंज में पर्यटकों को अलग-अलग वन्यजीवों और प्राकृतिक नजारों का अनुभव मिलेगा।
वर्ष 1983 में स्थापित राजाजी राष्ट्रीय उद्यान को 2015 में टाइगर रिजर्व का दर्जा मिला था। हरिद्वार, देहरादून और पौड़ी जिलों में फैला यह रिजर्व हाथियों के महत्वपूर्ण कॉरिडोर के रूप में भी जाना जाता है। यहां साल और शीशम के घने जंगलों के साथ पक्षियों की 500 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं।
सफारी शुरू होने से स्थानीय जिप्सी संचालकों, गाइडों और होटल कारोबारियों को भी पर्यटन कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है। वन विभाग ने पर्यटकों से ऑनलाइन परमिट लेने, प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और सफारी के दौरान गाइड के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

