After Header-1

रुड़की को 2030 तक स्मार्ट सिटी बनाने का विजन, सौरभ सैनी ने पेश किया विकास का रोडमैप

रुड़की। शहर के भविष्य को बेहतर बनाने और समग्र विकास की दिशा में नई संभावनाओं पर चर्चा शुरू करने के उद्देश्य से राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी के सुपुत्र सौरभ सैनी ने ‘विकसित रुड़की 2030–स्मार्ट इको-नॉलेज सिटी’ का प्रस्तावित विजन प्रस्तुत किया। गांधी महिला शिल्प विद्यालय, रुड़की में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने इस विकास रूपरेखा को मीडिया के सामने रखा।

सौरभ सैनी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य रुड़की के भविष्य को लेकर व्यापक विचार-विमर्श और जनसंवाद का मंच तैयार करना है। इसमें आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। उनका कहना था कि शहर के विकास की योजना सामूहिक सहभागिता और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जानी चाहिए।

प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि रुड़की की ऐतिहासिक, शैक्षणिक और तकनीकी पहचान काफी विशिष्ट है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की, केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई), राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान (एनआईएच) और बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप (बीईजी) जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं शहर को अलग पहचान देती हैं। इसके बावजूद रुड़की को यातायात व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन और नियोजित शहरी विकास के क्षेत्र में कई आवश्यकताओं पर काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि इन सभी चुनौतियों को अलग-अलग देखने के बजाय एक साझा विकास दृष्टिकोण के तहत आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। इसी सोच के साथ ‘विकसित रुड़की 2030’ की प्रस्तावित रूपरेखा सामने रखी गई है।

सौरभ सैनी ने स्पष्ट किया कि यह किसी एक व्यक्ति या संस्था का एजेंडा नहीं, बल्कि शहर के भविष्य को लेकर विचार और सुझावों का एक प्रारंभिक दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि ये सुझाव नगर के प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि तक पहुंचें, ताकि इन पर खुलकर चर्चा हो सके। उपयोगी प्रस्तावों को सामूहिक प्रयासों के माध्यम से आगे बढ़ाया जा सके।

इस पहल के जरिए रुड़की के विकास से जुड़े विभिन्न पक्षों को एक मंच पर लाकर भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहर की विकास दिशा तय करने पर जोर दिया गया है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.