देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने प्रवासियों से संवाद कर उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में उनके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश से बाहर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और सेवाओं का प्रदर्शन करने के साथ ही राज्य की संस्कृति, परंपराओं और पहचान को भी देश-दुनिया में आगे बढ़ा रहे हैं। वे जहां भी रहते हैं, अपनी मातृभूमि की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और जीवन मूल्यों को अपने साथ लेकर चलते हैं। ऐसे आयोजन राज्य और प्रवासी समाज के बीच भावनात्मक रिश्तों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ी है। ऐसे में प्रदेश से बाहर रहने वाली नई पीढ़ी को अपनी भाषा, बोली, लोकगीतों, लोकनृत्यों और परंपराओं से परिचित कराना जरूरी है। प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी अगली पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान को विश्व स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रवासी उत्तराखण्डियों की प्रतिभा, अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार की अहम भूमिका हो सकती है।
उन्होंने कहा कि सरकार की इच्छा है कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। वे अपने ज्ञान और अनुभव का लाभ राज्य के युवाओं, उद्यमियों तथा स्थानीय समुदायों तक पहुंचाएं, जिससे रोजगार, उद्यमिता और विकास के नए अवसर पैदा हो सकें।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी मातृभूमि के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया।

