नई टिहरी, 13 नवंबर। उत्तराखंड के पहाड़ी मार्गों पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को देवप्रयाग के मुरारीनगर में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और टैक्सी के बीच हुई भीषण टक्कर में 69 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, तीनधारा से करीब 100 मीटर आगे दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना की सूचना शुक्रवार सुबह पुलिस को मिली, जिसके बाद देवप्रयाग पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
देवप्रयाग के थानाध्यक्ष कृष्णकांत ने बताया कि पंजाब के लुधियाना से श्री बदरीनाथ धाम जा रही कार (पीबी-10केटी-3636) में एक ही परिवार के सात लोग सवार थे। कार बलविंदर (42) चला रहे थे। वहीं, सामने से आ रही टैक्सी (यूके12टीए-4646) में चालक समेत छह लोग सवार थे। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में टैक्सी सवार मदन लाल भट्ट (69), पुत्र स्वर्गीय दाताराम भट्ट, निवासी ग्राम स्यालांगी, कोट ब्लॉक, पौड़ी गढ़वाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवप्रयाग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष कृष्णकांत के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

