After Header-1

नंदा गौरा योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा! लक्सर में 28 आय प्रमाणपत्रों से छेड़छाड़ उजागर

हरिद्वार, 13 नवंबर। उत्तराखंड की नंदा गौरा योजना में कथित फर्जीवाड़े का एक और मामला सामने आया है। हरिद्वार जिले के लक्सर तहसील क्षेत्र में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच के दौरान 28 आवेदकों के आय प्रमाणपत्रों में छेड़छाड़ किए जाने की पुष्टि हुई है। आरोप है कि आवेदकों ने तहसील से छह हजार रुपये वार्षिक आय के प्रमाणपत्र बनवाए थे, लेकिन योजना का लाभ लेने के लिए उनमें बदलाव कर आय पांच हजार रुपये दर्शा दी। मामला सामने आने के बाद बाल विकास विभाग ने संबंधित आवेदकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

तहसील प्रशासन की जांच में खुली गड़बड़ी

दरअसल, हरिद्वार जिले के बहादराबाद और रुड़की क्षेत्र में नंदा गौरा योजना के आवेदनों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आने के बाद विभाग ने सभी आवेदनों की जांच कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में लक्सर तहसील क्षेत्र से प्राप्त आवेदनों की भी पड़ताल की गई। जांच के दौरान 28 आवेदकों के आय प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी सामने आई।

इसके बाद बाल विकास विभाग ने तहसील प्रशासन से संबंधित प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया। सत्यापन में पता चला कि तहसील से जारी मूल प्रमाणपत्रों में वार्षिक आय छह हजार रुपये दर्ज थी, जबकि विभाग में जमा कराए गए दस्तावेजों में कथित तौर पर छेड़छाड़ करके इसे पांच हजार रुपये कर दिया गया था।

28 आवेदकों पर कार्रवाई की तैयारी

तहसील प्रशासन से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद बाल विकास विभाग ने संबंधित आवेदकों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सुधा त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच कराई गई थी। जांच में प्रमाणपत्रों के साथ छेड़छाड़ की गड़बड़ी सामने आई है। अब संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पहले भी 193 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा

नंदा गौरा योजना में फर्जी दस्तावेजों का मामला पहले भी सामने आ चुका है। वर्ष 2023 में फर्जी आय प्रमाणपत्रों के आधार पर योजना का लाभ लेने के आरोप में 193 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। उस समय यह मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना था। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे। मामला प्रदेश के बजट सत्र में भी गूंजा था। इसके बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के निर्देश पर कार्रवाई की गई थी।

क्या है नंदा गौरा योजना?

नंदा गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत पात्र बेटियों को जन्म और इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर सरकार की ओर से आर्थिक प्रोत्साहन राशि दी जाती है। योजना का उद्देश्य बालिकाओं के कल्याण, शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

ऐसे में योजना का लाभ लेने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किए जाने का मामला सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता और वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाने की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.