After Header-1

उत्तराखंड को IISER और AIIA की सौगात मिलने की उम्मीद, केंद्र ने दिया सकारात्मक आश्वासन

देहरादून। उत्तराखंड में उच्च शिक्षा, आयुर्वेद चिकित्सा और सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों को सकारात्मक संकेत मिले हैं। राज्य में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) की स्थापना और उत्तरकाशी-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने भविष्य में विचार करने का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री धामी ने अक्टूबर 2026 में केंद्र सरकार से उत्तराखंड में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) स्थापित करने का अनुरोध किया था। इस संबंध में केंद्रीय शिक्षा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि भविष्य में केंद्रीय संस्थानों के विस्तार के दौरान उत्तराखंड में IISER की स्थापना के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।

इस संस्थान की स्थापना से प्रदेश में विज्ञान शिक्षा, अनुसंधान और उच्च स्तरीय शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। इससे राज्य के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

वहीं, सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। मुख्यमंत्री ने अगस्त 2026 में केंद्र सरकार से उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का अनुरोध किया था।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि पिछले 12 वर्षों में उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लंबाई 2,282 किलोमीटर से बढ़कर 3,670 किलोमीटर हो गई है। उन्होंने कहा कि नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा से संबंधित नीति को अंतिम रूप दिए जाने के बाद उत्तरकाशी-घनसाली-तिलवाड़ा मार्ग के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के विकास से जुड़े इन प्रस्तावों को महत्वपूर्ण बताते हुए केंद्र सरकार के सकारात्मक रुख को राज्य के लिए उत्साहजनक माना है। इन पहलों से भविष्य में उत्तराखंड में शिक्षा, अनुसंधान और सड़क सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.