After Header-1

देहरादून में शीतलहर से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने अलाव और कंबल वितरण के दिए निर्देश

 देहरादून। आगामी शीतकाल, संभावित शीतलहर और बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा और राहत व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ठंड से बचाव के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं, ताकि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस संबंध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शीतलहर से बचाव, अलाव जलाने, कंबल वितरण, रैन बसेरों की व्यवस्थाओं और दुर्गम क्षेत्रों में खाद्यान्न की उपलब्धता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने नगर निकायों और तहसील क्षेत्रों में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इनमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक स्थान शामिल हैं। उन्होंने वन विभाग, जिला लॉगिंग अधिकारी और आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय बनाकर अलाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने विशेष रूप से निर्धन, असहाय, निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर पर्याप्त संख्या में कंबल उपलब्ध रखे जाएं और जरूरतमंदों को समय पर उनका वितरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रभारी अधिकारी सीआरए अनुभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, दुर्गम क्षेत्रों में खाद्यान्न की उपलब्धता को लेकर जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ऐसे क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न समय से पहुंचा दिया जाए, ताकि खराब मौसम और बर्फबारी के दौरान लोगों को राशन की किल्लत न हो।

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक रैन बसेरे के लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण और व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

प्रशासन का उद्देश्य शीतकाल के दौरान जरूरतमंदों को सुरक्षित आश्रय और समय पर राहत उपलब्ध कराना है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.