After Header-1

उत्तराखंड में जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना, कैबिनेट में आएगा प्रस्ताव

देहरादून। उत्तराखंड में महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना शुरू करने की तैयारी कर रही है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने इसके संकेत देते हुए बताया कि योजना का प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट में लाया जाएगा। इस योजना के माध्यम से बाल कल्याण से जुड़े प्रयासों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

मंत्री रेखा आर्य ने सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना पर विशेष रूप से चर्चा की गई। मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लाभार्थियों की स्थिति, उनके द्वारा शुरू किए गए स्वरोजगार कार्यों की प्रगति तथा लंबित आवेदनों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने योजना के प्रभावी संचालन और पात्र महिलाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

इसके अलावा नंदा गौरा योजना की भी समीक्षा की गई। मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ पाने से वंचित रह गई पात्र बालिकाओं को अवसर देने के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी की जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र बालिका आवश्यक जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

बैठक में विभागीय योजनाओं की नियमित निगरानी और उनके बेहतर क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति पर गंभीरता से काम करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने की अपेक्षा जताई।

इस दौरान सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बंशी लाल राणा, उपनिदेशक बिक्रम सिंह, सीपीओ अंजना गुप्ता, राज्य परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.