रुड़की ब्रह्माकुमारीज केंद्र में भैयादूज पर आध्यात्मिक संदेश, भाई-बहनों ने लिया बुराइयां छोड़ने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान बीके गीता दीदी ने भैयादूज के आध्यात्मिक महत्व और तिलक की परंपरा के पीछे छिपे गहरे रहस्य को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि भैयादूज केवल भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व नहीं है, बल्कि इसका आध्यात्मिक महत्व भी है। वास्तव में परमात्मा ही हम सभी के सच्चे रक्षक और नियंता हैं। उनकी याद में स्वयं को स्थिर रखने तथा जीवन में पवित्रता और सकारात्मकता बनाए रखने का संदेश तिलक की परंपरा के माध्यम से मिलता है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में परमात्मा की याद को प्राथमिकता देनी चाहिए। जब व्यक्ति परमात्मा से अपना संबंध जोड़कर रखता है, तो उसे जीवन में सही दिशा, शक्ति और शांति प्राप्त होती है। भैयादूज का पर्व भी हमें आत्मिक संबंधों की पवित्रता और जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर सेवा केंद्र में बड़ी संख्या में पहुंचे भाई-बहनों ने बीके गीता दीदी से तिलक लगवाया। साथ ही सभी ने अपने जीवन से बुराइयों, नकारात्मक विचारों और अवगुणों को हमेशा के लिए छोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक संदेश के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में बीके दीपिका, बीके सपना, बीके पारुल, बीके राशि, डॉ. श्रीगोपाल नारसन, डॉ. सपरा, महेंद्र सिंह सैनी, यशपाल सिंह, राजबाला, शकुंतला, रेखा, नेहा और इंदु सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

