After Header-1

अरुणाचल में भीषण अग्निकांड से मची तबाही, एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत

इटानगर। अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले में भारत-चीन सीमा के पास स्थित पारसी पारलो गांव में गुरुवार तड़के भीषण अग्निकांड हो गया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी चपेट में आकर 24 घर और दुकानें जलकर राख हो गईं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के अनुसार, आग गुरुवार सुबह करीब दो बजे लगी। देखते ही देखते लपटों ने आसपास के कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 19 घर पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि पांच अन्य मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि आग रसोईघर से शुरू हुई थी।

अग्निकांड में डोंगडा यानु, उनके बेटे डोंगडा करसांग, डोंगडा माजी और बेटी डोंगडा अमजी की मौत हो गई। वहीं, परिवार के मुखिया डोंगडा ताजी भी आग की चपेट में आने से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए मदद उपलब्ध कराई जा रही है।

घटना के दौरान राहत और बचाव कार्य में भी मुश्किलें सामने आईं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गांव में कोई दमकल केंद्र नहीं है। कोलोरियांग में तैनात दमकल वाहन की खराब हालत के कारण वह समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। इससे आग पर काबू पाने में देरी हुई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को प्रभावित लोगों तक हर संभव सहायता और राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बचाव कार्य में जुटे प्रशासन, पुलिस, दमकल कर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना की।

ऑल निशी यूथ एसोसिएशन के अध्यक्ष जाम्रू रुजा ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और सहायता देने की मांग की है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से राहत कार्य शुरू कर दिया गया है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.