नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां अनियंत्रित होकर एक कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुए सभी पांचों लोग उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नैनीताल आपदा कंट्रोल रूम ने एसडीआरएफ को जानकारी दी। इसके बाद खैरना पोस्ट से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने खाई में गिरे वाहन से चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली पहुंचाया गया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार का पंजीकरण नंबर यूपी 25 ईजे 4586 है। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में कार चालक अनुज तिवारी (29) पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली की जान चली गई।
वहीं, दुर्घटना में घायल चार लोगों की पहचान सनी (23) पुत्र तेजराम निवासी ग्राम मिल कॉपर, रवि पुत्र दिनेश मौर्य निवासी बरेली, संचित पुत्र हृदय नारायण तिवारी निवासी ग्राम शेखपुर तथा संदीप शर्मा पुत्र रामकुमार शर्मा निवासी बरेली के रूप में हुई है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की तत्परता से चार घायलों को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका।

