After Header-1

मध्य प्रदेश में उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन का भव्य अभिनंदन, युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

देहरादून/भोपाल। मध्य प्रदेश के बालाघाट-सिवनी में बुधवार को आयोजित नागरिक अभिनंदन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। राज्यपाल का पदभार संभालने के बाद अपने गृहप्रदेश और पूर्व संसदीय क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में पहुंचकर उन्होंने क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि व्यक्ति जीवन में कितनी भी ऊंचाइयां हासिल कर ले, उसकी जड़ें हमेशा अपनी माटी, संस्कारों और समाज से जुड़ी रहती हैं। यहां के लोगों का स्नेह और विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। उन्होंने चिकित्सा सेवा से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने के बाद विधायक, मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और लोकसभा सदस्य के रूप में निभाई गई जिम्मेदारियों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और मध्य प्रदेश दोनों की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत समृद्ध है। शिक्षा, शोध, युवा सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना उनकी प्राथमिकता है।

युवाओं को दिया सेवा और समर्पण का संदेश

समारोह में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की विभिन्न परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने सभी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने पद को सेवा का माध्यम बनाएं, अहंकार का नहीं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते समय समाज के अंतिम व्यक्ति की जरूरतों को प्राथमिकता दें।

स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास, चरित्रबल और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देने पर जोर दिया।

ई-लाइब्रेरी की पहल को सराहा

राज्यपाल ने ग्राम गर्रा के सरपंच वैभव बिसेन द्वारा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में स्थापित ई-लाइब्रेरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण विद्यार्थियों को डिजिटल अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए युवाओं से नवाचार, अनुसंधान, उद्यमिता और नई तकनीक के क्षेत्रों में आगे आने की अपील की। अंत में उन्होंने अपने गृहक्षेत्र में मिले सम्मान को जनता के विश्वास और स्नेह का प्रतीक बताया।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.