विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज, पहले ही दिन दून स्ट्राइकर्स और किंग राइडर का धमाका
देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन दो रोमांचक लीग मुकाबले खेले गए, जिनमें दून स्ट्राइकर्स और दून किंग राइडर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
पहले मुकाबले में दून स्ट्राइकर्स ने दून ब्लास्टर्स को सात विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दून ब्लास्टर्स ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 133 रन बनाए। हिमांशु बरमोला ने 29 और अंबुज शर्मा ने 25 रन का योगदान दिया। दून स्ट्राइकर्स की ओर से सोबन गुसाईं और अजय राणा ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दून स्ट्राइकर्स ने अमित शर्मा के 40 और कप्तान योगेश शैली के 20 रनों की बदौलत 18.1 ओवर में जीत हासिल कर ली। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सोबन गुसाईं को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में दून किंग राइडर ने दून सुपर किंग्स को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए दून सुपर किंग्स की टीम 11.5 ओवर में महज 57 रन पर सिमट गई। मनवर रावत ने 24 रन बनाए। किंग राइडर के कप्तान सुनील कुमार ने तीन विकेट झटके। जवाब में किंग राइडर ने महज 5.1 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सुनील कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
स्वर्गीय विकास धूलिया की स्मृति को समर्पित प्रतियोगिता
टूर्नामेंट का उद्घाटन सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, समाजसेवी देव रतूड़ी और सीआईएमएस के चेयरमैन ललित जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय विकास धूलिया की स्मृतियों को जीवंत रखने का प्रयास है। खेल पत्रकारों के बीच आपसी भाईचारे, संवाद, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं।
उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने अतिथियों, आयोजन समिति और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्वर्गीय विकास धूलिया की पत्नी रोशनी धूलिया सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी, पत्रकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

