नई दिल्ली, 11 नवंबर। दिल्ली विश्वविद्यालय के रामानुजन कॉलेज में एनएसयूआई से जुड़े एक पदाधिकारी पर छात्राओं को आर्थिक प्रलोभन देकर एनआरआई पुरुषों के संपर्क में भेजने के कथित मामले ने विवाद खड़ा कर दिया है। इस प्रकरण को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने गंभीर सवाल उठाते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। कॉलेज प्रशासन संबंधित एनएसयूआई उपाध्यक्ष अनस खान को निलंबित कर चुका है।
अभाविप के अनुसार, सामने आए कथित संदेशों में एनआरआई प्रायोजित कार्यक्रम के नाम पर छात्राओं से संपर्क करने, उन्हें पैसे और अन्य सुविधाओं का लालच देने तथा उनकी शारीरिक बनावट के आधार पर चयन किए जाने जैसी बातें सामने आई हैं। संगठन का आरोप है कि यह मामला केवल कॉलेज स्तर की गतिविधियों तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसके पीछे संभावित मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़ा नेटवर्क भी हो सकता है।
अभाविप ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और व्यापक जांच कराई जाए। जांच में कथित एनआरआई संपर्कों, आर्थिक लेन-देन और संभावित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भूमिका का भी पता लगाया जाना चाहिए।
संगठन ने दावा किया कि पिछले महीने भी एनएसयूआई से जुड़े कुछ व्यक्तियों द्वारा एक कार्यक्रम के लिए लड़कों को ले जाने से संबंधित इसी तरह की चैट सामने आई थी। अभाविप ने इन घटनाओं को लेकर कांग्रेस के छात्र संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। साथ ही वर्ष 2018 में एनएसयूआई के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज खान पर एक महिला पदाधिकारी द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों का भी उल्लेख किया।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि महिला अधिकारों और समानता की बात करने वाली कांग्रेस को अपने छात्र संगठन में महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित पदाधिकारी को हटाए जाने और उसके स्वयं इस्तीफा देने को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। संगठन के मुताबिक, एनएसयूआई की ओर से पदाधिकारी को हटाने संबंधी पूर्व दिनांकित पत्र जारी किए जाने का दावा किया गया, जबकि संबंधित व्यक्ति के सोशल मीडिया स्टेटस में व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा देने की बात कही गई है।
अभाविप ने इन विरोधाभासों पर कांग्रेस से जवाब मांगा है और पूरे मामले की एनआईए से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग दोहराई है। हालांकि, छात्राओं से जुड़े आरोपों और कथित चैट की स्वतंत्र जांच के निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है।

