After Header-1

यमुनाघाटी क्रीड़ा समारोह में पहुंचे मंत्री खजान दास, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह और वेतन से की सहयोग की घोषणा

 युवाओं को खेलों के साथ अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से डामटा स्थित सूरत स्टेडियम डामटा-कांडी में आयोजित यमुनाघाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समारोह में समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने प्रतिभाग किया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और रवांई-जौनसार-जौनपुर क्षेत्र के पारंपरिक रासो नृत्य में भी भाग लिया।

मंत्री खजान दास ने कहा कि यमुनाघाटी क्षेत्र के लोगों ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और अपनी समृद्ध लोक संस्कृति को संरक्षित रखने की सराहनीय पहल की है। ऐसे आयोजन केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहते, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी बोली, भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी बनते हैं।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आधुनिकता के साथ आगे बढ़ें, लेकिन अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान को कभी न भूलें।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देकर सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए भी प्रतिबद्ध है।

समारोह के दौरान आयोजन समिति ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित मांगपत्र मंत्री को सौंपा। खजान दास ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही समारोह को प्रोत्साहित करने के लिए अपने वेतन से आर्थिक सहयोग देने की घोषणा भी की।

समारोह में ओपन एवं ग्राम स्तर की कबड्डी, महिला कबड्डी, वॉलीबॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जूनियर व सीनियर वर्ग की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें क्षेत्र के खिलाड़ी और छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.