पौड़ी गढ़वाल, 09 नवंबर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर सोमवार को पौड़ी जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में राज्योत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी सहित अतिथियों ने राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान सूचना विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। बाल विकास विभाग के पांच लाभार्थियों को किशोरी किट और समाज कल्याण विभाग के सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों की लोक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई अभियान भी चलाया गया।
राज्य आंदोलनकारियों का संघर्ष सदैव स्मरणीय : मदन कौशिक
प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड का गठन लंबे जनआंदोलन, संघर्ष और आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। उन्होंने मुजफ्फरनगर कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य आंदोलन के इतिहास की ऐसी घटनाओं को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आंदोलनकारियों और आम जनता के संघर्ष से ही पृथक राज्य का सपना साकार हुआ।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने शिक्षा, साक्षरता और विकास के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
15 नवंबर तक आयोजित होंगे राज्योत्सव कार्यक्रम
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं और आम जनता का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक न्याय पंचायत और विकासखंड स्तर पर राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पौड़ी में पर्यटन विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

