After Header-1

हजारीबाग की दनुआ घाटी में भीषण हादसा, पांच की मौत और 14 घायल; मचा कोहराम

हजारीबाग, 09 नवंबर। झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। दुर्घटना चौपारण थाना क्षेत्र के दनुआ घाटी में जीटी रोड पर हुई। यहां तेज रफ्तार टैंकर ने पीछे से शव का अंतिम संस्कार करने वाराणसी जा रहे सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी लोग गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बिहारो और सलैया गांव के निवासी थे। बताया गया कि बगोदर के अटका से एक शव लेकर परिजन और अन्य लोग अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान दनुआ घाटी में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत एवं बचाव कार्य

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने पर चौपारण थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में सहयोग किया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने पांच लोगों की मौत और 14 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल मृतकों के शव हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में रखे गए हैं।

दो गांवों में पसरा मातम

हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर मिलते ही बिहारो और सलैया गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल तथा अस्पताल की ओर रवाना हो गए। जिस परिवार के लोग एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे, वहां अब इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.