गोपेश्वर, 09 नवंबर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर से 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ अतिथि शिक्षकों को भी राहत देने का ऐलान किया गया। इसके अलावा राज्य आंदोलनकारियों की लंबित मांगों के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित करने की घोषणा की गई।
सोमवार को आयोजित स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को नमन किया।
आंदोलनकारियों की मांगों पर बनेगी कैबिनेट समिति
मुख्यमंत्री ने बताया कि गठित होने वाली कैबिनेट समिति राज्य आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण नियमों में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाणपत्र जारी करने जैसे विषयों पर सुझाव देगी। वर्ष 2013-14 में नियुक्त आंदोलनकारियों से जुड़े मामलों पर भी सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
किसानों और बिजली उपभोक्ताओं को राहत
धामी ने छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के विलंबित बिजली बिलों पर लगने वाले सरचार्ज को माफ करने की घोषणा की। वन्यजीवों के हमले में घायल लोगों को प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे इलाज के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाएगी। निवेश के इच्छुक प्रवासियों के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया भी सरल बनाई जाएगी।
प्रत्येक जिले में जिला मुख्यालय से अलग नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय स्थापित किए जाएंगे। लखपति दीदियों को कारोबार विस्तार के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि मिलेगी। वहीं, अन्य माध्यमों से बिजली प्राप्त करने वाले राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ने और अपुणि सरकार पोर्टल की सेवाओं को सरल बनाने का भी ऐलान किया गया।
35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। राज्य में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था वर्ष 2022 के 2.55 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गई है।
समारोह में लोकगायक स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी और स्वर्गीय चन्द्र सिंह राही को लोकसंस्कृति एवं लोकभाषा संरक्षण में योगदान के लिए उत्तराखंड गौरव सम्मान देने की घोषणा की गई। इसके साथ ही राज्य आंदोलनकारियों, किसानों, उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

