After Header-1

स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस पर सीएम धामी का सम्मान, जानिए क्या खास रहा कार्यक्रम

देहरादून। भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से संस्था के प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को स्काउट एवं गाइड का पारंपरिक स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही स्थापना दिवस का फ्लैग स्टीकर भी लगाया।

मुख्यमंत्री धामी ने संस्था के स्थापना दिवस पर सभी पदाधिकारियों, स्काउट्स और गाइड्स को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्काउट एवं गाइड युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्था के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण विकसित होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में स्काउट एवं गाइड की भूमिका सराहनीय है। युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार बनाने में संस्था का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संस्था भविष्य में भी इसी भावना के साथ अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाती रहेगी।

इस अवसर पर संस्था के प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला ने मुख्यमंत्री को संगठन की गतिविधियों और प्रदेश में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत स्काउट एवं गाइड का गठन 7 नवंबर 1950 को हुआ था। उत्तराखंड में संस्था की ओर से हैम रेडियो पायलट प्रोजेक्ट संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा युवा आपदा मित्र कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में वे प्रभावी ढंग से सहायता कर सकें।

कार्यक्रम में अपर प्रादेशिक मुख्य आयुक्त वंदना गर्ब्याल, प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला, जेपी काला, अंजलि चन्दोला, अरुण राय, राहुल प्रसाद रतूड़ी सहित गाइड कु. योजना और कु. इशा ठाकुर मौजूद रहीं।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.