After Header-1

मुंबई सिटी एफसी में बड़ा उलटफेर, खराब शुरुआत के बाद मैनोलो मार्केज ने छोड़ा टीम का साथ

मुंबई। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 सत्र में खराब शुरुआत का खामियाजा मुंबई सिटी एफसी के मुख्य कोच मैनोलो मार्केज को भुगतना पड़ा है। क्लब और स्पेनिश कोच ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है। शुक्रवार को क्लब ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। मार्केज के जाने के साथ ही भारतीय फुटबॉल में उनका छह साल का कोचिंग सफर भी समाप्त हो गया।

मुंबई सिटी एफसी का मौजूदा सत्र में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम को अपने शुरुआती मुकाबले में चर्चिल ब्रदर्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद घरेलू मैदान पर स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली ने उसे शिकस्त दी। वहीं, केरल ब्लास्टर्स और पंजाब एफसी के खिलाफ टीम को ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। शुरुआती चार मुकाबलों में जीत नहीं मिलने के बाद क्लब ने कोच के साथ रास्ते अलग करने का निर्णय लिया।

क्लब के फुटबॉल निदेशक सुजय शर्मा ने कहा कि भारतीय फुटबॉल एक नए दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में क्लब का पूरा ध्यान पहली टीम को जरूरी सहयोग देने और मौजूदा सत्र के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने पर है। उन्होंने कहा कि टीम और कोचिंग व्यवस्था को लेकर आगे की जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।

मार्केज का भारतीय फुटबॉल में कोचिंग करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने 2022 में हैदराबाद एफसी को पहली बार आईएसएल चैंपियन बनाया था। इसके बाद एफसी गोवा के साथ रहते हुए 2025 और 2025-26 में लगातार दो सुपर कप खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई।

हालांकि, मुंबई सिटी के साथ उनका अनुभव निराशाजनक रहा। चर्चिल ब्रदर्स के खिलाफ हार के बाद उन्होंने टीम की प्री-सीजन तैयारियों पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि क्लब मजबूत टीमों के खिलाफ पर्याप्त अभ्यास मुकाबले आयोजित नहीं कर सका और तैयारी बेहद कमजोर रही।

मार्केज भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच भी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने मालदीव के खिलाफ मैत्री मुकाबला जीता था। हालांकि, प्रतिस्पर्धी मैचों में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के कारण उन्होंने आपसी सहमति से राष्ट्रीय टीम का पद भी छोड़ दिया था।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.