After Header-1

‘उड़ान 2.0’ में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, अलकनंदा हाउस ने मारी बाजी

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव ‘उड़ान 2.0’ का गुरुवार को उत्साह और खेल भावना के साथ समापन हुआ। ‘हौसलों की उड़ान’ थीम पर आयोजित इस महोत्सव में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में अलकनंदा हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेस्ट हाउस ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की।

समापन समारोह में डिपार्टमेंट ऑफ फूड एंड सिविल सप्लाइज, देहरादून की हेड एवं आईएएस अधिकारी रुचि मोहन रयाल मुख्य अतिथि रहीं, जबकि भारतीय एथलेटिक्स टीम के पूर्व कोच गुरुफूल सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत, गणेश वंदना और बैंड की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट के साथ हुई। मुख्य अतिथि ने मशाल प्रज्ज्वलित कर विक्ट्री रन को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी और प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि रुचि मोहन रयाल ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल जीतना ही नहीं सिखाते, बल्कि हार को स्वीकार कर दोबारा प्रयास करने की प्रेरणा भी देते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है, जो जीवन में आगे बढ़ने के लिए जरूरी हैं।

महोत्सव में विद्यार्थियों ने जुम्बा, डम्बल पीटी, योग, एरोबिक्स और विभिन्न ड्रिल प्रस्तुतियों से दर्शकों को प्रभावित किया। ‘जुम्बा फिएस्टा’, ‘राइजिंग ऑफ सनफ्लावर-ताली योग’, एकेडमी ड्रिल और बीडीए ड्रिल विशेष आकर्षण रहीं।

खेल प्रतियोगिताओं में सीनियर और जूनियर बालक-बालिका वर्ग की 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़ आयोजित की गई। इसके अलावा 4×100, 4×200 और 4×400 मीटर रिले रेस में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और लॉन्ग जंप में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। समापन पर मुख्य अतिथि ने विजेता खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल और ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.