वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने परेड ग्राउंड और अन्य संबंधित स्थलों को अलग-अलग जोन एवं सेक्टर में बांटकर अधिकारियों की तैनाती की है। सुरक्षा के साथ यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट, परेड ग्राउंड स्थित अस्थायी हेलीपैड और रिजर्व पुलिस लाइन में अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में जोनल और सेक्टर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए तैनात ड्यूटी प्रभारियों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए तैयारियों की समीक्षा की। सीडीओ ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से पहुंचें और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी स्थलों का तत्काल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा। साथ ही किसी भी तरह की कमी मिलने पर इसकी सूचना समय रहते देने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम से पहले उसे दूर किया जा सके।
परेड ग्राउंड में मुख्य मंच, वीआईपी और अतिथि दीर्घाओं, ग्रीन रूम तथा डाइनिंग व्यवस्था के लिए भी अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन, स्वच्छता, चिकित्सा और अग्निशमन सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा के साथ आमजन को भी किसी तरह की असुविधा न हो।

