काठमांडू। नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार को बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा हो गया। खुम्बु पासांगल्हामु क्षेत्र के फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय दो हेलिकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए हेलिकॉप्टर से अस्पताल भेजा गया है।
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, हादसे में फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलिकॉप्टर शामिल थे। दोनों हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग कर रहे थे, इसी दौरान उनके पंखे आपस में टकरा गए। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों और नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी ने भी हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फेरीचे हेलिपैड पर उतरने के दौरान दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे टकराने से दुर्घटना हुई। हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि एक अन्य घायल हुआ है।
पुलिस निरीक्षक मौसम तामांग के मुताबिक, मृतक विदेशी नागरिक हैं। हालांकि, उनकी राष्ट्रीयता की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मृतक के शव को प्रभु हेलिकॉप्टर की मदद से लुक्ला पहुंचाया गया है। वहीं, घायल व्यक्ति को माउंटेन हेलिकॉप्टर के जरिए इलाज के लिए भेजा गया।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच में जुट गई हैं। हादसे के कारणों का विस्तृत विवरण सामने आने का इंतजार है।
