रानीखेत की शिक्षिका यशोदा काण्डपाल को मिला उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान, खेलों में योगदान की हुई सराहना
रानीखेत। शिक्षा के साथ खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली रानीखेत की शिक्षिका यशोदा काण्डपाल को उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान से नवाजा गया है। विकासखंड ताड़ीखेत के राजकीय जूनियर हाईस्कूल पौड़ा कोठार में कार्यरत यशोदा काण्डपाल को यह सम्मान खेलों के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पण के लिए प्रदान किया गया।
शिक्षिका यशोदा काण्डपाल ने बताया कि रविवार, एक नवंबर को कोटद्वार स्थित टीसीजी स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने उन्हें उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान प्रदान किया। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, खेल, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
यशोदा काण्डपाल ने बताया कि उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान के लिए उनका चयन वर्ष 2024-25 में ही प्रस्तावित हो गया था, लेकिन चयन से लेकर सम्मान प्रदान किए जाने की प्रक्रिया पूरी होने में करीब दो वर्ष का समय लग गया। अब यह सम्मान प्राप्त होने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
गौरतलब है कि शिक्षिका यशोदा काण्डपाल इससे पहले शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय शैलेश मटियानी पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुकी हैं। शिक्षण कार्य के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के उनके प्रयासों को इस उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
यशोदा काण्डपाल को मिले इस सम्मान से रानीखेत और ताड़ीखेत क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों, शिक्षकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने उनकी उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनकी यह सफलता अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों को भी खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
