After Header-1

भोपाल में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से सनसनी, घर में मिले चार शव तो रेलवे ट्रैक पर पड़ा था मुखिया का शव

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। छोला थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव घर के अंदर मिले, जबकि परिवार के मुखिया का शव रेलवे ट्रैक पर बरामद हुआ। घर में मिले सभी शवों के सिर और गले पर चोट के निशान थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि परिवार के मुखिया ने पहले पत्नी, मां और दोनों बच्चों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के मुताबिक, नरेंद्र साहू (35) मालीखेड़ी स्थित पीएमएवाई एलआईजी कॉलोनी के मकान नंबर बी-4 में परिवार के साथ किराये पर रहता था। सोमवार सुबह घर में उसकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति (10) और बेटे खुश (6) के शव मिले। सभी के शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान पाए गए। वहीं, नरेंद्र का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला।

पुलिस को घटना की जानकारी परिवार के एक रिश्तेदार के जरिए मिली। रिश्तेदार को नरेंद्र की मौत की सूचना मिलने पर वह घर पहुंचा, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। फोन पर भी किसी से संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो चारों के शव मिले।

भोपाल जोन-4 के डीसीपी आदर्श कांत शुक्ला ने बताया कि शुरुआती जांच में नरेंद्र पर कर्ज का दबाव और मानसिक तनाव होने की बात सामने आई है। परिवार का छोटा रेस्टोरेंट कुछ समय पहले बंद हो गया था। नरेंद्र पिछले 15 से 20 दिनों से काम भी नहीं कर रहा था। पुलिस आर्थिक परेशानी और घटना के बीच संभावित संबंध की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घर में दो शव बेड पर मिले हैं। आशंका है कि वारदात देर रात या आधी रात के आसपास हुई। फिलहाल दोनों घटनास्थलों पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.