नई दिल्ली। वाराणसी और नई दिल्ली के बीच रेल यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने के लिए वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 2 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। ट्रेन संख्या 27421/27422 वाराणसी-नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। इससे दोनों शहरों के बीच रात में यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि ट्रेन संख्या 27421 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह के छह दिन चलेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 27422 नई दिल्ली-वाराणसी शनिवार को छोड़कर छह दिन संचालित होगी।
वाराणसी से यह ट्रेन रात 8:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। रास्ते में प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन और गाजियाबाद जंक्शन पर ठहराव होगा। ट्रेन प्रयागराज में रात 10:35 बजे पहुंचकर 10:40 बजे रवाना होगी। कानपुर सेंट्रल पर रात 12:40 बजे पहुंचने के बाद 12:45 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद अलीगढ़ में सुबह 3:55 बजे और गाजियाबाद में सुबह 5:23 बजे ठहराव होगा।
वापसी में नई दिल्ली से ट्रेन रात 9:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इस दौरान गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल और प्रयागराज जंक्शन पर ठहराव निर्धारित किया गया है। ट्रेन गाजियाबाद में रात 10:13 बजे, अलीगढ़ में 11:20 बजे, कानपुर में रात 2:45 बजे और प्रयागराज में सुबह 5:05 बजे पहुंचेगी।
रेलवे ने यात्रियों को ट्रेन के समय, ठहराव और अन्य जानकारियों के लिए नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) की वेबसाइट या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की सलाह दी है।
