After Header-1

हायलो ओपन में पीवी सिंधु का दमदार प्रदर्शन, अनमोल खरब ने उलटफेर कर बढ़ाया रोमांच

सारब्रुकेन। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों पीवी सिंधु और अनमोल खरब ने हायलो ओपन 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। सिंधु ने जहां सीधे गेमों में आसान जीत दर्ज की, वहीं युवा खिलाड़ी अनमोल ने कड़े मुकाबले में उलटफेर करते हुए अगले दौर का टिकट कटाया। हालांकि, मालविका बंसोड़ को प्री-क्वार्टर फाइनल में हारकर प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा।

टूर्नामेंट में दूसरी वरीयता प्राप्त और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने गुरुवार को फ्रांस की रोसी ओक्टाविया पंकासारी को 21-9, 21-6 से हराया। यह मुकाबला 30 मिनट से भी कम समय तक चला। सिंधु ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और प्रतिद्वंद्वी को वापसी का मौका नहीं दिया।

अब क्वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना डेनमार्क की अमाली शुल्ज से होगा। सिंधु फ्रेंच ओपन सुपर 750 में उपविजेता रहने के बाद इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। फ्रेंच ओपन के फाइनल में उन्हें दक्षिण कोरिया की विश्व नंबर एक खिलाड़ी आन से यंग से हार मिली थी।

अनमोल खरब ने किया शानदार उलटफेर

19 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी अनमोल खरब ने भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क की उच्च वरीयता प्राप्त लाइन क्रिस्टोफरसन को एक घंटे तीन मिनट तक चले मुकाबले में 11-21, 21-18, 25-23 से मात दी।

पहला गेम गंवाने के बाद अनमोल ने जबरदस्त वापसी की और दूसरा गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अनमोल ने संयम बनाए रखते हुए 25-23 से जीत हासिल की। क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला भारत की ही उन्नति हुड्डा से होगा। इस तरह भारतीय खिलाड़ी का सेमीफाइनल में पहुंचना तय है।

मालविका बंसोड़ प्रतियोगिता से बाहर

दूसरी ओर मालविका बंसोड़ को कनाडा की वेन यू झांग के खिलाफ 21-11, 21-17 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ उनका हायलो ओपन 2026 में सफर समाप्त हो गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.