After Header-1

गैरसैंण में कांग्रेस का विधानसभा घेराव, गणेश गोदियाल समेत कई नेता डिटेन

देहरादून/गैरसैंण।उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र के पहले दिन कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में गैरसैंण में विधानसभा घेराव कर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार, बदहाल सड़कें, बेरोजगारी, भर्ती घोटालों के आरोप, महिला अपराध, पलायन, बिगड़ती कानून व्यवस्था, जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक और अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय समेत कई जनहित के मुद्दे उठाए।

पुलिस प्रशासन ने भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा से करीब 30 किलोमीटर पहले विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करण माहरा, प्रदेश सहप्रभारी मनोज यादव, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता दिवालीखाल पहुंचे। यहां पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने गणेश गोदियाल समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को डिटेन कर लिया।

वहीं, विधानसभा के भीतर भी विपक्षी विधायकों ने सरकार की कार्यप्रणाली और प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दों पर नारेबाजी कर धामी सरकार को घेरा।

## मुख्यमंत्री के विभागों पर सवालों से बच रही सरकार: गोदियाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की जनता बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। सड़कों की बदहाली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के आरोप, महिला सुरक्षा और जंगली जानवरों के आतंक जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

विधानसभा सत्र की कार्यवाही पर सवाल उठाते हुए गोदियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने विभागों से जुड़े सवालों का सामना करने से बचने के लिए सोमवार को विधानसभा सत्र आयोजित करने से बचते हैं। उन्होंने कहा कि सत्र की कार्यसूची और अवधि ऐसी होनी चाहिए, जिसमें मुख्यमंत्री समेत सभी विभागों से जनहित के सवालों पर जवाब मांगा जा सके। यदि मुख्यमंत्री के विभागों से जुड़े प्रश्नों पर चर्चा के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलेगा, तो विपक्ष जनता की समस्याओं के जवाब किससे मांगेगा?

## गैरसैंण जनभावनाओं और राज्य आंदोलन का प्रतीक

गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार से जनता के वादों को पूरा करने, प्रदेश की आर्थिक चुनौतियों, सामाजिक सुरक्षा और लोकतांत्रिक जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल हैं। गैरसैंण उत्तराखंड की जनभावनाओं और राज्य आंदोलन के सपनों का प्रतीक है। ऐसे में विधानसभा सत्र के दौरान जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं, महिलाओं, किसानों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को विधानसभा के भीतर और बाहर मजबूती से उठाती रहेगी। पार्टी अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय और प्रदेश के अन्य ज्वलंत मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगती रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.