After Header-1

देहरादून में 2,045 पोलिंग बूथ की तैयारी, बर्फबारी से निपटने के लिए प्रशासन का खास प्लान

देहरादून। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी के अनुसार, जनपद की 10 विधानसभा सीटों पर कुल 2,045 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें 766 ग्रामीण और 1,279 शहरी क्षेत्रों में हैं। सभी बूथों पर बिजली, पेयजल, रैंप और शेड जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। चार से पांच बूथ वाले केंद्रों पर मतदाताओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन के सामने मौसम और नेटवर्क कनेक्टिविटी की चुनौती भी है। मसूरी क्षेत्र के सात और चकराता क्षेत्र के 12 पोलिंग स्टेशन शैडो एरिया में हैं। इन 19 केंद्रों पर नेटवर्क सुविधा बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, फरवरी में 65 पोलिंग स्टेशनों पर बर्फबारी की संभावना को देखते हुए पहले से आकस्मिकता योजना तैयार की जाएगी, ताकि मतदान संबंधी व्यवस्थाएं प्रभावित न हों।

जिलाधिकारी ने अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित करने और फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (एफएसटी) व वीडियो सर्विलांस टीम (वीएसटी) के गठन तथा प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। चुनाव के दौरान नकदी और शराब की तस्करी रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाई जाएगी।

विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद जनपद में 11,94,797 मतदाता हैं। इनमें 6,17,041 पुरुष, 5,77,706 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले में 10,201 दिव्यांगजन और 85 वर्ष से अधिक आयु के 7,845 मतदाता हैं। प्रशासन ने बुजुर्गों के लिए होम वोटिंग तथा दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, स्वयंसेवक और जरूरत के अनुसार डोली-पालकी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

50 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथों पर स्वीप के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कॉलेजों में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का प्रारूप-6 से पंजीकरण कराने और बुक्सा जनजाति के 40 गांवों में मतदान जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्मिकों का डेटाबेस तैयार करने, प्रशिक्षण शुरू करने और सेक्टर अधिकारियों की तैनाती जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.