After Header-1

उत्तराखंड चुनाव 2027: कांग्रेस ने कसी कमर, पदाधिकारियों को मिलीं बड़ी जिम्मेदारियां

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी ने नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को जिला, महानगर, विधानसभा क्षेत्र, अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों की जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी का जोर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पदाधिकारियों को उनकी संगठनात्मक क्षमता, अनुभव और कार्यकुशलता के आधार पर अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। इससे प्रदेशभर में पार्टी की गतिविधियों को गति मिलेगी और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन तथा प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है।

राजीव महर्षि के अनुसार, नवनियुक्त प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित प्रवास करेंगे। वे स्थानीय संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क बनाए रखेंगे। क्षेत्रीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं और सुझावों से प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा।

प्रभारियों को जनसभाओं, जनसंपर्क अभियानों, धरना-प्रदर्शनों, जन आंदोलनों और संगठनात्मक बैठकों को प्रभावी तरीके से संचालित करने की जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं, अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रभारी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाकर उन्हें पार्टी की विचारधारा और नीतियों से जोड़ने का प्रयास करेंगे।

राजीव महर्षि ने कहा कि कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ अपराध और युवाओं व किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी और आगामी चुनाव में एकजुट होकर मैदान में उतरेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि जिन पदाधिकारियों को अभी जिम्मेदारियां नहीं मिली हैं, उन्हें भी जल्द कार्य आवंटित किया जाएगा। प्रदेश कार्यकारिणी के अतिरिक्त अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पार्टी को उम्मीद है कि इस पहल से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और 2027 के चुनाव की तैयारियां मजबूत होंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.