After Header-1

ऋषिकेश के बीटल्स आश्रम में होगी हॉलीवुड फिल्म की शूटिंग, जानिए कब पहुंचेगी टीम

देहरादून। उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देने की दिशा में एक और बड़ी पहल सामने आई है। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित फिल्म परियोजना की शूटिंग ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में प्रस्तावित है। ऑस्कर विजेता निर्देशक सर सैम मेंडेस के निर्देशन में बन रही इस परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में की जा सकती है। इससे उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत में नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं और प्रस्तावित परियोजना को लेकर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘क्लोवर’ नाम से प्रस्तावित इस परियोजना का निर्माण सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से किया जा रहा है।

‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ के तहत समूह के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।

प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और करीब 150 भारतीय क्रू सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा स्थानीय तकनीशियनों और अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ कर रहा है।

फिल्म परियोजना से स्थानीय युवाओं, कलाकारों और तकनीशियनों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही होटल, परिवहन, खानपान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी लाभ मिल सकता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और विविध शूटिंग लोकेशन के कारण प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन बन रहा है। राज्य की फिल्म नीति-2024 के तहत निर्माताओं को आवश्यक सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश की पहचान योग और अध्यात्म के केंद्र के रूप में विश्वभर में है। ‘द बीटल्स’ का भी इस शहर से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग राज्य के पर्यटन और फिल्म उद्योग के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.