After Header-1

कश्मीर में बर्फबारी से बदला मौसम, पहलगाम-गुलमर्ग समेत कई इलाके बर्फ से ढके

श्रीनगर, 14 अक्टूबर। कश्मीर घाटी में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने करवट ले ली है। बुधवार सुबह घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई, जिससे पहाड़ों और पर्यटन स्थलों ने सफेद चादर ओढ़ ली। वहीं, श्रीनगर समेत मैदानी इलाकों में रातभर बारिश होने के बाद सुबह आसमान साफ हुआ और धूप निकल आई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

अधिकारियों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रातभर हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई। कुछ इलाकों में लगातार दूसरे दिन भी हिमपात जारी रहा। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम और आसपास के क्षेत्रों में रातभर बर्फबारी हुई। इससे पहाड़ी इलाकों का नजारा पूरी तरह बदल गया।

इसके अलावा गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी बर्फबारी हुई। उत्तरी कश्मीर के गुरेज क्षेत्र में जोजिला एक्सिस, राजदान टॉप और तुलैल में रुक-रुककर हिमपात जारी रहा। इन इलाकों में मौसम का असर बना हुआ है। दूसरी ओर, श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी क्षेत्रों में रातभर बारिश हुई। हालांकि, बुधवार सुबह बादल छंटने के साथ धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली।

गुरुवार तक बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार तक कश्मीर के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज के साथ तेज हवाएं चलने और छिटपुट क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने की भी आशंका है।

विभाग के अनुसार, 16 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश को छोड़कर मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 24 अक्टूबर तक घाटी में मौसम के अधिकतर शुष्क बने रहने का अनुमान है। ताजा बर्फबारी से जहां पहाड़ी इलाकों की खूबसूरती बढ़ गई है, वहीं आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की नजर रहेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.