मेलबर्न, 13 अक्टूबर। ऑस्ट्रेलिया की पांच बार की विश्व कप विजेता कप्तान मेग लैनिंग आगामी महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) के 12वें सत्र में मेलबर्न स्टार्स की कप्तानी करती नजर आएंगी। एनाबेल सदरलैंड ने दो सत्र तक टीम की अगुआई करने के बाद कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। वह अब बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहती हैं।
लैनिंग ने आखिरी बार 2023 में मेलबर्न स्टार्स की कप्तानी की थी। इसके बाद उन्होंने जिम्मेदारी सदरलैंड को सौंप दी थी। पिछले सत्र में सदरलैंड की अगुआई में टीम दूसरी बार फाइनल में पहुंची, लेकिन खिताब जीतने का सपना पूरा नहीं हो सका। अब टीम नए नेतृत्व के साथ पहली बार ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
टीम के नए मुख्य कोच रिचर्ड पायराह ने सदरलैंड के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम के हित में अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन को प्राथमिकता देने के लिए कप्तानी छोड़ना साहस और विनम्रता का परिचायक है। उन्हें उम्मीद है कि इस फैसले से सदरलैंड का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
लैनिंग के अनुभव पर भरोसा
पिछले सत्र में लैनिंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 479 रन बनाए थे और लीग की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थीं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद भी वह विभिन्न टी20 प्रतियोगिताओं में नेतृत्व करती रही हैं। महिला प्रीमियर लीग में कप्तानी के अलावा वह इस वर्ष द हंड्रेड में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की अगुआई भी कर चुकी हैं।
लैनिंग ने कहा कि दोबारा कप्तानी करना उनकी योजना में नहीं था, लेकिन टीम की सफलता के लिए वह यह जिम्मेदारी संभालने को तैयार हैं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ मिलकर नेतृत्व की जिम्मेदारी साझा करने पर चर्चा हुई है। इस व्यवस्था में किम गर्थ भी अहम भूमिका निभाएंगी।
नेतृत्व समूह में रहेंगी सदरलैंड
सदरलैंड को आधिकारिक तौर पर कोई नया नेतृत्व पद नहीं दिया गया है, लेकिन वह लैनिंग को सलाह देती रहेंगी। उन्होंने कहा कि पिछले दो सत्र में कप्तानी करना उनके लिए शानदार अनुभव रहा और अब साझा नेतृत्व से उन्हें बल्ले और गेंद दोनों से अधिक योगदान देने का अवसर मिलेगा।
मेलबर्न स्टार्स ने आगामी सत्र के लिए अब तक 12 खिलाड़ियों के साथ करार किया है, जबकि तीन स्थान खाली हैं। टीम अपने अभियान की शुरुआत 29 अक्टूबर को करेगी। इस बार लैनिंग के अनुभव और सदरलैंड के ऑलराउंड प्रदर्शन से टीम को पहली चैंपियनशिप जीतने की उम्मीद होगी।
