उत्तरकाशी। उत्तरकाशी की पौराणिक और प्राकृतिक धरोहर नचिकेताताल के समग्र विकास की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में ताल के संवर्धन और क्षेत्र में ईकोटूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
जिला मुख्यालय से करीब 29 किलोमीटर दूर चौरंगीखाल कस्बे से लगभग तीन किलोमीटर पैदल चलकर नचिकेताताल पहुंचा जा सकता है। प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक महत्व के कारण यह क्षेत्र पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2,379 भारतीय और 38 विदेशी पर्यटकों ने नचिकेताताल का भ्रमण किया। इससे राजकीय कोष में 1,22,850 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
नचिकेताताल के सुनियोजित विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
