नई टिहरी। जिला सभागार, नई टिहरी में सोमवार को प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 21 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिकायतों में पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन और अन्य जनसमस्याएं शामिल रहीं।
जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उनकी स्थिति तत्काल पोर्टल पर अपडेट की जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को सही जानकारी मिल सके।
सड़क और सुरक्षा दीवारों की समस्याएं उठीं
टिहरी नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या आठ की सदस्य प्रीति पोखरियाल ने सड़कों की मरम्मत और विभिन्न स्थानों पर बने डेंजर जोन को ठीक कराने की मांग रखी। इस पर सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम बेरनी निवासी मनेन्द्र सिंह नेगी ने प्राथमिक विद्यालय की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निर्माण कराने की मांग उठाई। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पेयजल लाइन से नुकसान और दाखिल-खारिज का मामला
चंबा विकासखंड के काण्डा गांव निवासी कान सिंह पुंडीर ने बताया कि पेयजल लाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के कारण उनके घर की सुरक्षा दीवार ढह गई। पांच महीने बीतने के बाद भी सुरक्षा संबंधी कार्य नहीं कराया गया है। सीडीओ ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, मदन नेगी तहसील के पाचरी गांव निवासी जेठू राम, सुरेंद्र दत्त, खिमानंद और रविंद्र दत्त ने बताया कि उनके माता-पिता की मृत्यु के बाद भी भूमि का दाखिल-खारिज नहीं हो पाया है। उनकी माता का निधन वर्ष 2017 में हुआ था। इस मामले में तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
