After Header-1

वाराणसी में ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026’ का आगाज, डॉ. निशंक ने बढ़ाया दिव्यांग खिलाड़ियों का हौसला

वाराणसी/देहरादून। दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच देने और खेल के माध्यम से समावेशी समाज का संदेश प्रसारित करने के उद्देश्य से वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026’ दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प माह के अंतर्गत पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय जनता पार्टी के दिव्यांग प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश और ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से किया गया है। आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराने के साथ समाज में समानता, आत्मविश्वास और सहभागिता की भावना को मजबूत करना है।

डॉ. निशंक ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों का अदम्य साहस, आत्मविश्वास और असाधारण प्रतिभा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका प्रदर्शन यह संदेश देता है कि मजबूत इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प के सामने चुनौतियां भी अवसर में बदल सकती हैं।

उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार या प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं हैं। खेल समानता, आत्मसम्मान और मानवीय क्षमता को व्यक्त करने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण, उनके अधिकारों की रक्षा और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026’ को दिव्यांग खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय पहल बताया।

डॉ. निशंक ने आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि समाज में दिव्यांगजनों की प्रतिभा और क्षमताओं को उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.