रायपुर, 7 अक्टूबर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का 7 और 8 अक्टूबर को प्रस्तावित दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में दौरा स्थगित किए जाने के पीछे ‘अपरिहार्य कारण’ बताया गया है। हालांकि, फिलहाल दौरे की नई तारीख की घोषणा नहीं की गई है।
ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा ऐसे समय में टला है, जब चुनाव आयोग को लेकर राजनीतिक और सार्वजनिक स्तर पर विवाद चल रहा है। उनके इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। वहीं, संसद में उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए नोटिस दिए जाने की चर्चाएं भी सामने आई हैं। इसके अलावा चुनाव आयोग से जुड़े कई मामले सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुके हैं।
छत्तीसगढ़ दौरे के स्थगित होने के बाद अब नई तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। निर्वाचन विभाग की ओर से कहा गया है कि कार्यक्रम को अपरिहार्य कारणों के चलते स्थगित किया गया है।
यह पहली बार नहीं है जब विवादों के बीच मुख्य निर्वाचन आयुक्त का प्रस्तावित दौरा स्थगित हुआ है। इससे पहले उत्तर प्रदेश के मेरठ और वाराणसी के दौरे भी टाले जा चुके हैं। इसके अलावा लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के प्रस्तावित दौरों के भी स्थगित होने की जानकारी सामने आई थी।
अब नजर इस बात पर है कि निर्वाचन आयोग छत्तीसगढ़ दौरे की नई तारीख कब घोषित करता है और क्या नए कार्यक्रम में CEC राज्य में चुनावी तैयारियों तथा निर्वाचन प्रक्रिया की समीक्षा करते हैं।
