देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने आगामी 8 और 9 अक्टूबर को नई दिल्ली में होने वाले दो दिवसीय विभागीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर हुई बैठक में सम्मेलन की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा पर बिंदुवार चर्चा की गई।
मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय सम्मेलन में उत्तराखंड की ओर से महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन राज्य की योजनाओं और जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर रखने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने अधिकारियों से सम्मेलन के लिए आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा। साथ ही राज्य में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन, उनके प्रभाव और बेहतर परिणामों से संबंधित जानकारी को व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत करने पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित होने वाला यह राष्ट्रीय सम्मेलन महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे अहम मुद्दों के साथ-साथ आंगनवाड़ी व्यवस्था, पोषण और बाल संरक्षण पर केंद्रित रहेगा। सम्मेलन में विभिन्न राज्यों की ओर से महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और बेहतर कार्यों की जानकारी साझा की जाएगी।
रेखा आर्या के मुताबिक, अलग-अलग राज्यों के अनुभवों को साझा करने से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नई संभावनाएं सामने आएंगी। इससे राज्यों को एक-दूसरे की अच्छी पहल से सीखने और उन्हें अपने स्तर पर लागू करने का अवसर मिलेगा।
बैठक में अधिकारियों ने सम्मेलन से संबंधित तैयारियों और राज्य की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले विषयों की जानकारी मंत्री के समक्ष रखी। मंत्री ने सभी तैयारियों को गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में उत्तराखंड की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से सामने रखा जा सके।
सम्मेलन में महिला सुरक्षा, पोषण, आंगनवाड़ी सेवाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के साथ राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और अनुभव साझा करने पर भी जोर रहेगा।
