मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त की देश में शांति को लेकर की गई टिप्पणी पर महाराष्ट्र में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता नाना पटोले ने अभिनेता के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने देश के मौजूदा हालात को लेकर जो बात कही है, वह सही है। वहीं, भाजपा नेता परिणय फुके ने संजय दत्त पर तीखा पलटवार किया।
नाना पटोले ने कहा कि भाजपा शासन में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि संजय दत्त की टिप्पणी को सरकारों को गंभीरता से लेना चाहिए और देश तथा भाजपा शासित राज्यों में बढ़ रही गुंडागर्दी पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
दूसरी ओर भाजपा नेता परिणय फुके ने अभिनेता की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि संजय दत्त अपना होश खो चुके हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें भारत में शांति महसूस नहीं हो रही है तो उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए। फुके ने संजय दत्त को चार धाम यात्रा करने की सलाह भी दी।
शिवसेना (यूबीटी) प्रवक्ता आनंद दुबे ने भी संजय दत्त के बयान को सही नहीं बताया। उन्होंने कहा कि भारत में शांति है और देश लगातार बेहतर भविष्य की ओर बढ़ रहा है। आजादी के बाद भारत ने कई चुनौतियों का सामना किया है और देश को आगे ले जाना सभी की जिम्मेदारी है।
दरअसल, गांधी जयंती के मौके पर संजय दत्त शेखर सुमन के टॉक शो में पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि भारतीय लोग बेहद प्यारे और मेहमाननवाज हैं, लेकिन उन्हें अब देश में पहले जैसी शांति महसूस नहीं होती। उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना की कि देश में शांति का वह दौर जल्द लौटे।
विवाद बढ़ने के बाद संजय दत्त ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सफाई दी। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति, समुदाय या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उनका उद्देश्य नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी एक स्क्रिप्टेड और मजाकिया बातचीत के संदर्भ में थी, जिसका संदेश प्रेम, एकता और सद्भावना से जुड़ा था।
