After Header-1

बागेश्वर धाम से 170 लोग लापता, 95 का अब तक सुराग नहीं

भोपाल। मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध बागेश्वर धाम से बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय में धाम से जुड़े 170 लोगों की गुमशुदगी की शिकायतें सामने आई हैं। इनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। पुलिस ने अगस्त और सितंबर में अभियान चलाकर 75 लोगों को अलग-अलग स्थानों से खोज निकाला और उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। हालांकि, 95 लोगों का अब भी कोई पता नहीं चल सका है।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मुताबिक, बागेश्वर धाम में देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भारी भीड़ के कारण कई बार लोग अपने परिजनों से बिछड़ जाते हैं। कुछ लोग बिना बताए दूसरी जगह चले जाते हैं, जिसके बाद उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई जाती है।

पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता और स्थानीय स्तर पर छानबीन के साथ कई राज्यों में तलाश अभियान चलाया। बिहार, झारखंड और गुजरात समेत अन्य राज्यों में भी दबिश देकर 75 लोगों को बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि इनमें कुछ लोग ऐसे भी थे, जो सुरक्षित अपने घर पहुंच चुके थे, लेकिन उन्होंने स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दी थी। इससे गुमशुदगी का आंकड़ा बढ़ा हुआ दिखाई दे रहा था।

इस बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पुरानी अपील भी चर्चा में है। उन्होंने धाम आने वाली माताओं और बहनों से अकेले नहीं आने तथा अनजान लोगों और सेवादारों पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा था कि धाम का क्षेत्र करीब पांच किलोमीटर में फैला है और हर व्यक्ति को व्यक्तिगत सुरक्षा उपलब्ध कराना संभव नहीं है।

फिलहाल पुलिस की विशेष टीमें शेष 95 लोगों की तलाश में जुटी हैं। इतने बड़े स्तर पर गुमशुदगी के मामलों ने श्रद्धालुओं और उनके परिजनों की चिंता बढ़ा दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.